आफत की बारिश, तीन मकानों की गिरी छत, एक की मौत, चार घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिले में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। सोमवार को तीन मकानों की छत गिर गईं। शहर के जंडली में सोमवार सुबह करीब छह बजे एक घर की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया। वहीं कौलां में भी कच्चे मकान की छत बारिश के कारण गिर गई। उधर, अंबाला कैंट में गोशाला कॉलोनी में मकान पर पेड़ गिरने से छत व दीवार ढह गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। दूसरी ओर नारायणगढ़ रोड पर गांव गरनाला में चलती कार पर पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई और कार सवार छह लोग घायल हो गए। शहर में पानी निकासी न होने के कारण शहरवासियों में प्रशासन के प्रति काफी रोष भी देखने को मिला।
जंडली में मकान की छत ढहने से जंडली निवासी धर्मपाल (50) की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। वहीं पड़ोसी प्रह्लाद (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल प्रह्लाद की बेटी रविवार को धर्मपाल के घर उनकी पत्नी के साथ सो गई थी जिसके चलते धर्मपाल अपने पड़ोसी प्रह्लाद के घर सोने चला गया। उस कमरे में प्रह्लाद का बेटा पंकज उर्फ मनीष (17) भी सो रहा था। धर्मपाल के भाई सुरेंद्र ने बताया कि सुबह 6 बजे छत गिरने का शोर हुआ। जाकर देखा तो दो लोग दबे हुए थे। करीब पौने घंटे बाद धर्मपाल को निकाला। अस्पताल ले जाते हुए उसने दम तोड़ दिया। वहीं प्रह्लाद को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। वहीं कौलां में भी एक कच्चे मकान की छत बारिश के कारण गिर गई। गनीमत रही की घर में तब कोई नहीं था।
बेटा चलाता है टैक्सी
प्रह्लाद के पड़ोसी नरेश ने बताया कि धर्मपाल ऑटो चालक था और उसका बेटा टैक्सी चालक है। वह दो दिन पूर्व बनारस गया हुआ था। रविवार को धर्मपाल का बेटा घर न होने के कारण वह पड़ोसी प्रह्लाद के घर सो गया और प्रह्लाद की बेटी धर्मपाल के घर पर चली गई। इस दौरान कमरे में धर्मपाल, प्रह्लाद और उसका बेटा सो रहे थे। हादसे में धर्मपाल की जान चली गई और प्रह्लाद गंभीर घायल है, वहीं पंकज उर्फ मनीष को कोई चोट नहीं आई।
कुछ दिन पूर्व शौचालय की गिरी थी छत
पड़ोसी नरेश ने बताया कि धर्मपाल के घर में बने शौचालय की करीब 5-6 दिन पूर्व छत गिरी थी, जिसके बाद मकान मालिक ने उस शौचालय व साथ लगते रसोई को भी दोबारा मरम्मत शुरू करवा दी, लेकिन उस वक्त सारा मलबा कमरे की छत पर गिरवा दिया, जिस कारण बरसात में छत पर वजन होने के कारण वह गिर गई। वहीं नरेश व अन्य पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि मकान मालिक को कई बार घर की रिपेयर को कहा, लेकिन उसने नहीं सुनी।
कई बार घर खाली करने को कहा था : सुरजीत कौर
मकान मालिक सुरजीत कौर ने बताया कि उसने उक्त घर में रहने वाले सभी किराएदारों को कई बार कहा कि वह घर खाली करदें, क्योंकि घर की मरम्मत करवानी है। सुरजीत ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी किसी भी किराएदार ने एक न सुनी और सोमवार को हादसा हो गया।
--------------------
रस्म क्रिया में शामिल होने आ रहा था परिवार
पंचकूला के गांव कोर्ट बिल्ला से शहर की जग्गी कॉलोनी के फेस-3 में किसी रिश्तेदार की रस्म क्रिया में शामिल होने आ रहे एक परिवार की चलती क्वालिस कार पर शहर के निकटवर्ती गांव गरनाला के पास पेड़ गिर गया। हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। पेड़ गिरते ही कार असंतुलित होकर गड्ढे में जा गिरी। घायलों को तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर लाया गया जहां कोर्ट बिल्ला निवासी कैलाशो देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं कोर्ट बिल्ला के योगेश (24), हरदयाल (60), दीप्ति (45), मनीश (30), ज्ञान सिंह (65) व मनदीप (36) घायल हो गए जो ट्रामा सेंटर में उपचाराधीन हैं।
---------------
विधायक की कोठी पहुंचे गोवर्द्धन नगर के लोग
तीन दिन से हो रही बारिश से शहर के गोवर्धन नगर में पानी भर जाने से कॉलोनीवासियों में रोष है। इसी रोष स्वरूप लोग विधायक असीम गोयल की कोठी पर पहुंच गए। जहां गोवर्द्धन नगर निवासी संदीप, नरेश, दीपक, राजा, शेखर, गीता, अतुल, रिंकी व गुरमीत सिंह समते कई लोगों ने विधायक के पीए के आगे दुखड़ा रोया। लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले शुरू हुई बारिश से उनके घरों में पानी घुस हुआ है। न सोने की जगह है न ही खाना बनाने की। जिसके बाद पीए ने तुरंत जेई को मौके पर बुलाकर पंप लगाने के आदेश दिए। लोगों ने बताया कि सोमवार शाम तक भी जेई ने एरिया में पंप नहीं लगाया।
------------
वकीलों ने रखा वर्क सस्पेंड
अंबाला के आस-पास के गांवों व शहर के कई इलाकों में पानी जमा होने से लोग कोर्ट में नहीं आ सके। इसी के चलते बार एसोसिएशन अंबाला ने कोर्ट में एक दिन का वर्क सस्पेंड रखा। एसोसिएशन के प्रधान उमरीश गांधी ने बताया कि मंगलवार से सामान्य दिनों की तरह कोर्ट में कार्य होगा।
-----------
अब तक चार की गई जान
सोमवार को बारिश के कारण जंडली में छत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं सोमवार को बारिश से पेड़ गिरने से एक महिला की भी मौत हो गई। वहीं शनिवार को छावनी के दलीपगढ़ में एक ही छत के नीचे सो रहे भाई बहन के ऊपर भी छत गिर गई जिन्होंने छावनी अस्पताल में दम तोड़ दिया था। बारिश से 2 दिन में 4 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले भी छावनी के तोपखाना में सोते हुए परिवार पर छत गिरने से एक महिला की मौत हो चुकी है।
----------
इन इलाकों में हुआ जलभराव
बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। इनमें गीता नगरी, बलदेव नगर, मनमोहन नगर, मिलाप नगर, मानव चौक, दुर्गानगर, जंडली चौक, प्रीत नगर, टीबी अस्पताल रोड, जगाधरी गेट, महेश नगर, बस स्टेंड, बब्याल रोड, शामिल हैं। नालों में भरी गाद की वजह से पानी की निकास न होने से सड़कों पर पानी फैल गया है। यही नहीं निचली बस्तियों में तो बरसाती पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में घुसे बारसाती पानी की वजह से लोगों को बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है। वहीं करोड़ों खर्च करने के बाद भी नालों की सफाई न होने पर लोगों ने जिला प्रशासन को खूब कोसा।