अंबाला। अंबाला कैंट के वारहीरोज स्टेडियम के ऑल वेदर स्वीमिंग पुल में बाहरी लोगों की एंट्री का रास्ता साफ हो गया है। पंचकूला मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद उपायुक्त कार्यालय में एक सप्ताह से अटकी फाइल पर स्वीकृति मिल गई है। तीन माह के लिए 10 कर्मचारियों को रखा जाएगा। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने इनका वेतनमान तय कर दिया है।
जिला खेल अधिकारी राजबीर रंगा ने कहा कि पूल को सुचारू रूप से चलाने के लिए 4 लाइफ गार्ड, 2 सफाई कर्मचारी, 1 प्लांट ऑपरेटर, 1 इलैक्ट्रिशियन, 2 सिक्योरिटी गार्ड रखे जाएंगे। 2 जुलाई को जिला खेल अधिकारी अंबाला के कार्यालय में इन्हें रखने के लिए साक्षात्कार होगा। इस स्टाफ के रखने जाने के बाद 31 मार्च से पूल का लाभ न उठाने वाले बाहरी लोगों को राहत मिलेगी। 31 मार्च को टेंडर खत्म होने के बाद खेल विभाग की तरफ से केवल खेल नर्सरी के खिलाड़ियों को ही पूल में जाने की अनुमति मिली हुई थी।