नारायणगढ़। अमेरिका भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दंपती सहित कुछ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसपी अंबाला को भेजी लिखित शिकायत में गांव खेड़की जट्टान (नारायणगढ़) निवासी अमरीक कौर ने कहा है कि वह अपने बेटे बलजिंद्र सिंह को अमेरिका भेजना चाहती थी। खानपुर के ही सरवन, उसकी पत्नी और उसके भाई ने बेटे को बाहर भिजवाने का वादा किया।
इसके लिए 25 लाख मांगे। 10 लाख रुपये पहले देने को कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे सात लाख रुपये दे दिए। उसने बेटे की 12वीं कक्षा की डीएमसी भी ले ली। इसके बाद बेटे को चार नवंबर 2021 को वे दिल्ली ले गए। वहां उन्होंने बेटे को आर्मिनीया पहुंचा दिया। अमरीक कौर के अनुसार उन्होंने उससे तीन लाख रुपये और नकद लिए। आरोप है कि उन्होंने आगे भेजने के लिए मुझसे बाकी रुपये मांगे।
मैने उन्हें कहा कि अमेरिका पहुंचने के बाद ही बाकी पैसे दूंगी। उन्होंने मेरे बेटे को आगे नहीं भेजा। मेरे से बार- बार 15 लाख रुपये की मांग करते रहे। पैसे देने में असमर्थता प्रकट करने पर बेटे को आर्मिनीया से वापस भेज दिया और कह दिया कि यह अब आगे नहीं जा सकेगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब हमने उसे अनेकों बार फोन किया तो उन्होंने हमारा फोन ही नहीं उठाया। जब उसके घर जाते हैं तो वो कहती है कि वो घर पर नहीं है और पैसे वापस करने से मना कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पैसे मांगने पर बेटे पर झूठी दरखास्त देकर उसके जेल डलवाने की धमकी दी। नारायणगढ़ पुलिस ने एसपी से प्राप्त हुई अमरीक कौर की शिकायत पर दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।