अंबाला। मानसून के आगमन और बाढ़ की आशंका से पहले अंबाला छावनी को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। टांगरी नदी के किनारे बसी दर्जनों कॉलोनियों को जलभराव और बाढ़ से बचाने के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिली है।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार को इन दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से टांगरी नदी के बहाव क्षेत्र और निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत अंबाला के बब्याल क्षेत्र से लेकर पंजाब की सीमा से सटे बांध तक अधूरे पड़े निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा। टांगरी नदी बांध के कटाव को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर स्टोन पिचिंग (पत्थरों को व्यवस्थित रूप से लगाने) का कार्य होगा। इस योजना के तहत मुख्य रूप से बब्याल से रामगढ़ माजरा तक स्टोन स्टोन पिचिंग के कार्य की शुरुआत की जा रही है, जबकि रामगढ़ माजरा से पंजाब बॉर्डर तक स्टोन स्टोन पिचिंग की निविदा लग चुकी हैं। कुल 7.34 करोड़ रुपये की लागत से बब्याल से पंजाब बार्डर तक स्टोन पिचिंग का काम किया जाएगा इससे बांध की मजबूती कई गुना बढ़ जाएगी।
दर्जनों कॉलोनियों को मिलेगा फायदा : उद्घाटन के दौरान जानकारी दी गई कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से टांगरी नदी किनारे बसी दर्जनों कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों की वर्षों पुरानी चिंता दूर होगी। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून की दस्तक से पहले इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए ताकि बारिश के दौरान जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।