सोनीपत के देवडू़ रोड स्थित शिव कालोनी में दंपति और उनकी सात माह की बच्ची पर तेजाब एक तरफा प्यार करने वाले गुहला-चीका निवासी कृष्ण पुत्र गुरुदेव ने फेंका था।
सदर थाना पुलिस ने आरोपी और उसके दो साथियों गुहला-चीका के ही रणधीर और गुरजंट को गोहाना से गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
बलदेव मूल रूप से गांव खरावड़ जिला कैथल निवासी जो फिलहाल शिव कालोनी सोनीपत में रहता है उसके परिवार पर शनिवार रात को अज्ञात लोगों ने तेजाब फेंका था। इसमें उसकी पत्नी कर्मजीत कौर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी एक आंख की रोशनी चली गई है। वहीं, बलदेव और उसकी बेटी खुशप्रीत पर भी छींटे पड़े।
फोन कॉल से खुलासा
सदर थाना पुलिस ने बताया कि दंपति से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पास कई माह पहले अज्ञात नंबर से फोन आया था, जिस वजह से वे चिंतित थे। पुलिस ने जब उस नंबर की जांच की तो वह कृष्ण निवासी गुहला-चीका का मिला। पुलिस ने पीछा कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। कृष्ण के हाथ भी झुलसे हुए मिले। पूछताछ में कृष्ण ने कबूला कि वह कर्मजीत कौर से प्यार करता है, लेकिन कभी प्यार का इजहार नहीं कर सका। ऐसे में जब उसे कर्मजीत कौर का प्यार नहीं मिल सका तो उसने बदले की भावना के चलते उन पर तेजाब फेंक दिया। मुख्य आरोपी कृष्ण शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद वह प्यार में अंधा हो गया और एक नहीं दो परिवारों को उजाड़ दिया।
तेजाब फेंकने की वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- दलबीर डांगी, थाना प्रभारी