हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी प्रदेश तालमेल कमेटी के आह्वान पर 20 व 21 जनवरी को हड़ताल पर रहेंगे। कुरुक्षेत्र नए बस अड्डे पर तालमेल कमेटी के प्रदेशस्तरीय सदस्यों ने वीरवार को सभी रोडवेज कर्मचारियों को आह्वान किया कि वे हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लें।
तालमेल कमेटी के नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगें नहीं मानीं तो यह हड़ताल आगे तक भी जारी रह सकती है। वीरवार को हुई बैठक में तालमेल कमेटी के प्रदेश स्तरीय सदस्य आनंद शर्मा जगमोहन अंतिल, हरिनारायण शर्मा, आजाद सिंह मलिक कुरुक्षेत्र पहुंचे और रोडवेज कर्मचारियों में हड़ताल को लेकर जोश भरने का कार्य किया।
तालमेल कमेटी के प्रदेशस्तरीय सदस्य हरिनारायण शर्मा ने बताया कि उनकी यह दो दिवसीय हड़ताल 3519 परमिटों को लेकर है, जिसे सरकार निजी बस संचालकों को देने जा रही है।
उनकी दूसरी मांग, कच्चे कर्मचारियाें को पक्का करने और जो कर्मचारी नियुक्त किए गए थे, उनकी नियुक्ति की तिथि से ही नियुक्ति पत्र देने बारे की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब तक उनकी यह मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हरिनारायण शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार उनसे वायदा करके अब वायदा खिलाफी कर रही है। उन्हाेंने सरकार को एक माह का समय दिया था, लेकिन अब दो माह बीत गए हैं, लेकिन सरकार की अभी तक कोई कमेटी नहीं बनी और न ही इन परमिटों का रद्द किया गया है।
इसके अलावा तालमेल कमेटी के प्रदेश स्तरीय सदस्य आजाद सिंह मलिक ने भी इंटक की ओर से इस दो दिवसीय हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
एचएसईबी वर्कर्स यूनियन ने किया समर्थन
एचएसईबी वर्कर्स यूनियन ने भी हड़ताल का समर्थन करते एक बैठक सर्कल ऑफिस में आयोजित की। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ उपप्रधान जय सिंह चौधरी ने की। हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर होने वाली प्रदेशव्यापी हड़ताल के बारे में विचार-विमर्श किया गया।
विश्वविद्यालय में रहेगी हड़ताल
केयू परिसर में कुंटिया की आम सभा आयोजित हुई। कुंटिया प्रधान मान सिंह ने हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर विश्वविद्यालय में पूर्णत: हड़ताल करने का निर्णय आम सभा की मौजूदगी में लिया गया।
सिंचाई विभाग फील्ड कर्मचारी यूनियन पक्ष में
ऑल हरियाणा सिंचाई विभाग फील्ड कर्मचारी यूनियन सदस्यों ने भी हड़ताल में भाग लेने का फैसला किया है। यह निर्णय जनसूई हेड रेस्ट हाउस में झांसा ब्रांच और जनसूई के कर्मचारियों की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते अध्यक्ष छोटा खान ने बताया कि राज्यव्यापी हड़ताल में यूनियन के कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
छात्र भी उतरेंगे सड़कों पर
हड़ताल के समर्थन में एसएफआई की जिलास्तरीय कमेटी ने बैठक की। जिला सचिव धर्मेंद्र ने बताया कि सरकार की छात्र विरोधी नीतियों पर छात्र सड़कों पर उतरेंगे, जिसमें रोडवेज के निजीकरण और सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने आदि मुख्य मांगें शामिल होंगी। एक तरफ हरियाणा सरकार छात्राओं को मुफ्त बस पास देने की योजना चला रही है। दूसरी तरफ 3519 परमिटों को निजी हाथों को देकर बस पास के औचित्य को खत्म कर रही है।