गुजरात से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर लूट हो गई है। बदमाश, 11 तोले की चेन और 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गए हैं, लेकिन जब पुलिस खोजबीन करते हुए महिला के घर पहुंची तो मामला कुछ और ही निकल कर आया। सामने आया कि महिला ने अपने बेटे को बचाने के लिए पुलिस में झूठी एफआईआर दर्ज कराई थी और वारदात को सच साबित करने के लिए घर में लूट जैसा माहौल बना दिया था।
मामला जामनगर के नवगाम घेड इलाके का है। यहां बुधवार को एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि तीन बंदूकधारी बदमाश उसके घर में घुए आए और उसकी 11 तोले की चेन और 30 हजार रुपये लूट लिए। लूट की खबर सुनते ही पुलिस चौकन्नी हो गई और छानबीन के लिए महिला के घर पहुंची। घर का सामान बिखरा हुआ था। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि उसका बेटा बदमाशों का पीछा करते हुए उनके पीछे गया है।
सीसीटीवी फुटेज देख पुलिस के खड़े हो गए कान
शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें कुछ भी संदेहास्पद नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने महिला के बेटे बाबू जोगल को पूछताछ के लिए बुलाया। बाबू जोगल ने बताया कि वह एक तलाकशुदा व्यक्ति है। उसके सास-ससुर ने उसे एक सोने की चेन गिफ्ट की थी। अपनी प्रमिका को गिफ्ट देने के लिए उसने चेन बेच दी। पुलिस ने बताया कि बाबू जोगल के बड़े भाई ने चेन न मिलने पर घर पर पूछा तो उसकी मां ने छोटे बेचे को बचाने के लिए लूट की झूठी कहानी रची।