झंगहा। थाना क्षेत्र के जंगल गौरी नंबर एक गांव में सोमवार सुबह राहुल साहनी (32) का शव घर के कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
परिजन के अनुसार, सुबह घर के लोग जगे तो राहुल कमरे में औंधे मुंह पड़ा था। आवाज देकर जगाने की कोशिश की गई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसकी मौत की जानकारी हुई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
राहुल की मौत से पत्नी प्रियंका देवी और मां समेत अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी सात वर्षीय बेटे ऋषभ और पांच वर्षीय बेटी आराध्या है। पत्नी प्रियंका की सूचना पर झंगहा थाना पुलिस पहुंची। पुलिस टीम ने कमरे और आसपास के स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सीओ चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।