कैंपियरगंज। पावर हाउस जाने के लिए घर से निकले बसंतपुर गांव के धनहिया टोला निवासी उपेंद्र (35) बृहस्पतिवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पत्नी सोनी ने कैंपियरगंज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम की मांग की है।
पत्नी सोनी के अनुसार, 20 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे उपेंद्र घर से पावर हाउस जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताई। इसके बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। उपेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।