देवरिया जिले के बनकटा थाना अंतर्गत भाटपाररानी-रतसिया मार्ग पर स्याही नदी स्थित पुल से रविवार रात एक बाइक के नदी में गिरने से उस पर सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची बनकटा पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाया और शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के टीकमपार गांव निवासी विपिन तिवारी (20) तथा गांव के मोनू तिवारी (21) रविवार की रात एक ही बाइक से मैरवा जा रहे थे। वह सिकटिया गांव के निकट स्याही नदी स्थित पुल पर पहुंचे थे कि पुल टूटने के कारण बाइक स्याही नदी में गिर गई, जिससे घटनास्थल पर ही विपिन की मौत हो गई, जबकि मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुछ देर बाद मोनू के होश में आने पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर बनकटा पुलिस भी पुहंच गई और मोनू को अस्पताल भेजवाई। बनकटा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।