- पहिये के नीचे दबने से युवक ने तोड़ा दम, दो बहनों के सिर से उठा भाई का साया
- पिता ने गांव के ही एक युवक पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का लगाया आरोप
- तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
राजगढ़। गगहा क्षेत्र के नर्रे बुजुर्ग गांव में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्राॅली से गिरे 20 वर्षीय विजय मौर्य की पहिये के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विजय परिवार का इकलौता बेटा था।
जानकारी के अनुसार बुधवार को विजय मूर्ति विसर्जन के लिए निकली ट्रैक्टर-ट्राॅली पर सवार था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और ट्राली के पहिये के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस मामले में विजय के पिता ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही शैलेश गुप्ता पर लापरवाही से ट्रैक्टर-ट्राॅली चलाने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण उनका बेटा हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की हैं। गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
-
मजदूरी करते हैं पिता
विजय के पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्हें बेटे से काफी उम्मीदें थीं। दो बहनों के बीच विजय इकलौता भाई था। उसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। मां बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। वहीं, दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक बहन की हो चुकी है शादी, दूसरी अविवाहित
विजय की दो बहनें हैं। इनमें एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन की शादी अभी नहीं हुई है। इकलौते भाई की मौत से दोनों बहनें सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।