सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के निबियहवा ओवरब्रिज के पास बृहस्पतिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सतहवां गांव निवासी मैनेजर यादव का बेटा गोविंद यादव (32) किसी काम से घर से चौरीचौरा की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे निबियहवा ओवरब्रिज के पास वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें एम्स भिजवाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, गोविंद यादव अविवाहित थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।