गोला। चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए गोला पुलिस ने बुधवार शाम एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से नकदी समेत चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान बेलघाट के पिपरी निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है।
थानाप्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय के अनुसार, 24 जुलाई को किराना व्यापारी राजकुमार कसौधन परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। इसी दौरान रात में छत का दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर जेवर और नकदी समेत करीब पांच लाख चोरी कर लिए गए थे। घटना के संबंध में विवेचना के दौरान विपिन का नाम सामने आया। गिरफ्तार आरोपी के पास से 6,532 रुपये नकद, एक सफेद धातु की चेन, दो नोटबुक आदि सामान बरामद हुए हैं।