सिकरीगंज थाना क्षेत्र की घटना, चार आरोपी गिरफ्तार
घायल युवक का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में महाशिवरात्रि के दिन मेले से लौट रहीं युवतियों से छेड़खानी और इसका विरोध करने पर युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। युवक का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप, दिवस, गुलशन और लालबिहारी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि महाशिवरात्रि पर उनके गांव की कुछ युवतियां जगरनाथपुर के पास स्थित झारखंडी बाबा स्थान, पटखौली मेले में गई थीं। मेला से लौटते समय रास्ते में कुछ मनबढ़ युवकों ने फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। इस दौरान साथ चल रहे करन कुमार ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि इससे नाराज मनबढ़ों ने करन कुमार को घेरकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल करन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में जगरनाथपुर निवासी संदीप, दिवस, गुलशन और लालबिहारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।