गुलरिहा। क्षेत्र के एक गांव से सब्जी लेने बाजार गई युवती एक हफ्ते से लापता है। युवती के पिता ने करमहा बुजुर्ग निवासी कपड़ा दुकानदार परवेज अंसारी पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बेटी का धर्मांतरण कराने और गलत नीयत से ले जाने की आशंका भी जताई है। गुलरिहा थाने पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि करमहा बुजुर्ग निवासी परवेज अंसारी चौराहे पर परवेज वस्त्रालय नाम से कपड़े की दुकान चलाता है। आरोप है कि परवेज की दुकान पर उनकी बेटी करीब तीन वर्षों से काम करती थी। पिता के मुताबिक, परवेज शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पिता ने बताया कि 10 सितंबर को उनकी बेटी घर से सब्जी लेने बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। करीब दो घंटे बाद भी वह वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी युवती का पता नहीं चला।
परिजन का आरोप है कि तलाश के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि परवेज अंसारी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता ने आशंका जताई कि आरोपी उनकी बेटी को अपने प्रभाव में लेकर उसका धर्मांतरण करा सकता है। उन्होंने बेटी को गलत नीयत से ले जाने का भी आरोप लगाया है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बतया कि एसएसपी के निर्देश पर गुलरिहा पुलिस ने बुधवार को परवेज अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब युवती की तलाश के साथ ही आरोपी पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। युवती के बरामद होने के बाद उसके बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।