पाली। वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब चार लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित सौरभ का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उमरिया स्थित डीएफओ कार्यालय में जॉइन करने के लिए भेज दिया। वहां पहुंचने पर फर्जीवाड़े का पता चला। सहजनवां थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी सौरभ मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 नवंबर 2024 को उनकी मुलाकात आरोपी और उसके बड़े भाई से हुई थी। दोनों ने मध्य प्रदेश वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में करीब चार लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि नौकरी के संबंध में पूछने पर आरोपी ने मेडिकल जांच के लिए जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल बुलाया। वहां उसकी मुलाकात एक दूसरे युवक से कराई। दोनों ने नौकरी लगने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत मूल दस्तावेज ले लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, बाद में उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया और सात फरवरी को उमरिया स्थित डीएफओ कार्यालय में जॉइन करने के लिए कहा गया। वह बताए गए कार्यालय पहुंचा तो कई दिनों तक उसे टालमटोल कर वापस भेज दिया गया। रुपये वापस मांगने पर मार्च तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। आरोप है कि बाद में उसे धमकी भी दी गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।