गोरखपुर। राजघाट क्षेत्र के मदरसा चौराहे के पास खुले नाले में गिरकर जान गंवाने वाले करीब 40 वर्षीय युवक की 24 घंटे बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अब शिनाख्त के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आसपास के थानों के साथ ही दूसरे जिलों में भी शव की फोटो भेजी गई है। इसके अलावा युवक के मदरसा चौराहे तक पहुंचने का रास्ता पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक आखिर कहां से आया था और हादसे से पहले वह किस इलाके में था। फुटेज में युवक अकेले पैदल मदरसा चौराहे की ओर जाता दिखाई दे रहा है। रास्ते में वह एक घर के पास खड़ी स्कूटी का सहारा लेकर कुछ देर खड़ा होता है। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती दिखाई देती है और वह नाले में गिर जाता है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की लेकिन किसी ने युवक को पहचानने से इन्कार किया। उसके पास से कोई मोबाइल, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला था। इसी वजह से शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि युवक की फोटो आसपास के थानों और जिलों में भेजी गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिये उसके आने की दिशा पता की जा रही है। जिस रास्ते से वह चौराहे तक पहुंचा, उस मार्ग के कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।