पुलिस के गिरफ्त में पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपित।
- फोटो : अमर उजाला।
बड़हलगंज इलाके के ओझवली गांव निवासी करन (22) की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के पांच घंटे के भीतर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। पता चला कि युवक पड़ोस के एक गांव की युवती से एकतरफा प्यार करता था। युवती के घरवाले मना कर रहे थे, लेकिन वह नहीं माना तो उसकी हत्या कर दी।
आरोपितों की पहचान थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति और उसके तीन पुत्रों के रूप में हुई है। सीओ गोला श्यामदेव और इंस्पेक्टर रामज्ञा सिंह ने बताया कि हरिशचंद्र का बेटा करन पड़ोस के गांव की एक युवती से एकतरफा प्यार करता था। युवती के घरवालों ने मना किया फिर भी वह पीछा नहीं छोड़ रहा था।
शनिवार की रात उसे युवती के घरवालों ने घर के आसपास घूमते हुए पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे मृत समझकर वहीं छोड़ गए। घायल युवक किसी तरह देर रात अपने घर पहुंचा। घरवालों से उसने बताया कि युवती से अवैध संबंध की बात कहकर उसे पीटा गया है।
घरवाले अस्पताल ले गए, वहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाते ही पुलिस गांव में पहुंच गई। पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पांच घंटे के भीतर ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा व अन्य धारदार हथियार बरामद कर लिए गए हैं।