उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना इलाके के पटनवापुल स्थित छोटी गंडक नदी में सोमवार की सुबह स्नान करने गए छह युवक डूबने लगे। इस पर छोटे भाई को बचाने गया बड़ा भाई नदी में डूब गया। परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के सिरसिया नंबर एक गांव के 20 से अधिक लोग छोटी गंडक नदी में सोमवार की सुबह नहाने के लिए पहुंचे थे। गांव के सौरभ सिंह, रमेश सिंह, अमन सिंह, विक्की, नितेश, मनोज सिंह और संदीप समेत 12 युवक नदी में स्नान करने लगे। हालांकि पटनवापुल स्थित नदी किनारे रहने वाले लोगों ने युवकों को स्नान करने से मना किया था।
लेकिन इसके बावजूद युवक नदी में स्नान करते रहे। इसी दौरान अमन सिंह (16) नदी में डूबने लगा। यह देख अन्य युवक बाहर निकल आए। लेकिन उसका बड़ा भाई सौरव सिंह (18) उसे बचाने दोबारा नदी में कूद गया। साथ गए लोगों ने अमन सिंह को बाहर निकाल लिया। लेकिन सौरभ नदी में डूब गया।
एक घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला। परिजन उसे एंबुलेंस में लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचे। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही मां कुसुम देवी, पिता रमेश सिंह, भाई अमन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।