गोरखपुर जिले के गोला इलाके के वार्ड नंबर दस में लॉकडाउन के बीच ही व्यापार बंद होने से परेशान भोलू जायसवाल (25) ने पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि रुपये की कमी को लेकर ही उसका पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया।
आसपास के लोगों की मदद से पत्नी उसे लेकर एक निजी अस्पताल गई थी मगर तब तक उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, भोलू ने तीन साल पहले कस्बा की रहने वाली नीलम के साथ प्रेम विवाद किया था। भागकर शादी करने के बाद जब वह लौटा तो घरवालों ने उसे निकाल दिया। इसके बाद वह किराए पर कमरा लेकर रहते लगा था।
शुरुआत में उसने एक सब्जी मंडी में कुछ काम शुरू किया था लेकिन उसमें सफलता नहीं मिलने पर कुछ ही दिन बाद ही डीजे चलाने लगा। इधर कोरोना वायरस के फैलने के बाद उसका काम धंधा पूरी तरह ठप हो गया घर की माली हालत काफी खराब हो गई। जिसके कारण आए दिन पत्नी से वाद विवाद शुरू हो गया।
सोमवार की रात वह कस्बे मे भंडारे मे खाना खाने के बाद घर पहुंचा तो पत्नी से आर्थिक तंगी की बात को लेकर विवाद हो गया और वह तत्काल छत पर जाकर गले मे फंदा लगाकर पाइप में लटक गया। मृतक का एक 2 साल का बेटा है। उसकी पत्नी गर्भवती भी है। शादी से परिवार के लोग इतना खफा थे कि मौत के बाद भी दोनों के परिवार वाले वहां पर नहीं पहुंचे थे।