गोरखपुर जिले में गगहा थाना क्षेत्र के कोठा गांव में मंगलवार की रात जुआ खेलने से रोकने पर राधिका (35) पर पति बबलू गुप्ता ने पेचकस से हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे गगहा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में राधिका का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उधर, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर धारा बढ़ा दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बबलू गुप्ता मजदूरी करता है और शराब व जुआ खेलने का आदी है। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता है। बबलू की इसी आदत की वजह से उसके स्वर्गीय पिता छेदी गुप्ता ने अपने नाम की खेती अपने दो पोतों के नाम कर दी थी। आरोप है कि बबलू पत्नी पर संपत्ति उसके नाम करने के लिए दबाव बनाया करता था। पति के मारपीट करने की वजह से राधिका दो बेटों व एक बेटी के साथ बड़हलगंज थाने के कोड़ारी गांव स्थित मायके में ज्यादातर रहती है।
इसे भी पढ़ें: फिर हिला चौरीचौरा: उतरने से पहले चला दिया ऑटो, बच्ची की कुचलकर मौत
कुछ दिनों पहले वह बच्चों को लेकर गगहा थाना क्षेत्र के कोठा गांव में ससुराल आई थी। मंगलवार की रात में नशे में बबलू जुआ खेलने जा रहा था। वह पत्नी से रुपये मांगने लगा। पत्नी ने मना किया तो वह गुस्से में आ गया और पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। लात-घूसों से मारने के दौरान ही उसने घर में रखे पेचकर से गर्दन पर हमला कर दिया।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी पति बबलू को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित राधिका के तहरीर के आधार पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ज़िला अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार धारा बढ़ाई जा सकती है।