शुरू होगा क्रीड़ा परिषद का यू-ट्यूब चैनल, मिलेंगे फिटनेस के मंत्र
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यलय क्रीड़ा परिषद का यू-ट्यूब चैनल शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को फिटनेस के मंत्र दिए जाएंगे। यह निर्णय बुधवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से ऑनलाइन संवाद के बाद क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में खिलाड़ियों की फिटनेस प्रभावित हो रही है। खेल के आयोजनों में भी बाधाएं हैं। ऐसे में विकल्पों पर विचार करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि क्रीड़ा परिषद के चैनल पर एक्सपर्ट्स फिटनेस के मंत्र देंगे। छोटे-छोटे वीडियो क्लिप अपलोड किए जाएंगे। खेल के आयोजन शुरू होने के बाद विवि के खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी वीडियो क्लिप अपलोड किया जाएगा। संवाद में अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी तूलिका मान, अमित बच्चन, नदीम, सत्यम त्रिपाठी, कृष्णा मणि त्रिपाठी, रजत राय, त्रयंबक शुक्ला, प्रेम कुमार, आयुष आर्य, अमित प्रजापति, अटल राम, शिवशंकर मौर्या, पूर्णिमा पाण्डेय, विष्णुदत्त चौहान, कृष्णा मणि त्रिपाठी, संदीप यादव, सूरज, नवनीत सिंह सहित लगभग 40 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए।
कार्यक्रम की भूमिका एवं खेल गतिविधियों की रूपरेखा सचिव क्रीड़ा परिषद प्रो. विजय चहल ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष पांडेय ने किया। इस दौरान डॉ अंबरीश श्रीवास्तव, डॉ. अंशू गुप्ता एवं डॉ. आशीष शुक्ल, संयुक्त सचिव डॉ. राज वीर सिंह मौजूद रहे।