गोरखपुर। महराजगंज के घुघली रेलवे स्टेशन के पहले 1.3 किमी लंबाई में वाई कनेक्शन आकार की नई रेल लाइन बनेगी। इसके लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है और अब डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसके बनने से गोरखपुर और बिहार की ओर से ट्रेनों को आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा की तरफ सीधे ले जाना आसान हो जाएगा। ट्रेन के इंजन को शंटिंग कर घुमाना नहीं पड़ेगा और करीब आधे घंटे समय की बचत होगी।
आनंदनगर-महाराजगंज-घुघली (52.7 किमी) नई रेल लाइन बनाने का काम चल रहा है। रेल प्रशासन के प्रस्ताव के मुताबिक, घुघली स्टेशन के 1.3 किमी पहले से वाई कनेक्शन आकार की रेल लाइन बिछेगी जो आनंदनगर रूट पर जाकर मिलेगी। इससे गोरखपुर से जाने वाली ट्रेन सीधे चली जाएगी।
वहीं, मनकापुर-अयोध्या के बीच मनकापुर वाई कनेक्शन पर अब काम शुरू होने जा रहा है। इसके बनने से लखनऊ से अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों को मनकापुर स्टेशन पर इंजन रिवर्सल (घुमाने) की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रेनें सीधे अयोध्या रूट पर चली जाएंगी। इसी प्रकार ऐशबाग-मानकनगर में वाई कनेक्शन और भटनी-पिवकोल के बीच वाई कनेक्शन रेल लाइन के लिए भी बजट मिला है। अब इन परियोजनाओं के निर्माण में तेजी आएगी।
ट्रेनों का संचालन सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंजन रिवर्सल को समाप्त करने के लिए वाई-कनेक्शन तथा बाईपास लाइन बनाई जा रही है। जिन स्थानों पर यह कार्य हो चुका है वहां पर इसका बड़ा लाभ हुआ है। ट्रेनों का संचालन सुगम हुआ है तथा समय एवं संसाधन की बचत हो रही है।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ-एनईआर