मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वन और बाघ एक दूसरे के नैसर्गिक संरक्षक हैं। महाभारत के एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बाघों के बिना वन का अस्तित्व संभव नहीं है। और न ही बिना वन के बाघ रह सकते हैं । वन की रक्षा बाघ करते हैं और बदले में वन उनकी रक्षा करते हैं ।
यूपी में 3500 वर्ग किमी से अधिक हो जाएगा टाइगर रिजर्व एरिया
सीएम योगी ने कहा पीलीभीत, दुधवा और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के बाद रानीपुर में टाइगर रिजर्व के अस्तित्व में आने से प्रदेश में कुल टाइगर रिजर्व क्षेत्र 3500 वर्ग किमी से अधिक हो जाएगा जो प्रदेश के सम्पूर्ण वन क्षेत्रफल का 21 प्रतिशत होगा।
साहस व सामर्थ्य का अप्रतिम प्रतीक है बाघ
शुक्रवार सुबह एक ट्वीट के जरिये अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर पशु प्रेमियों व प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सीएम योगी ने कहा कि साहस व सामर्थ्य के अप्रतिम प्रतीक राष्ट्रीय पशु बाघ के संरक्षण के प्रति अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण का हम सभी को संकल्प लेना चाहिए।
गोरखपुर चिड़ियाघर को मिलेगा एक और सफेद बाघ : वन मंत्री
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के वन, पर्यावरण जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि जल्द ही गोरखपुर चिड़ियाघर को एक और सफेद बाघ की सौगात मिलेगी। एक सफेद बाघ (मादा बाघ गीता) को लखनऊ चिड़ियाघर से यहां पहले ही लाया जा चुका है। दूसरा सफेद बाघ चेन्नई चिड़ियाघर से लाया जाएगा। इस अवसर पर विभाग के राज्य मंत्री केपी मलिक ने कहा कि नागपंचमी के दिन गोरखपुर चिड़ियाघर में नाग देवता (कोबरा) का दर्शन करने के लिए टिकट शुल्क में 50 फीसद की रियायत दी जाएगी। कार्यशाला को वर्चुअल मोड में फिल्म अभिनेता रणदीप हुडा, सांसद रवि किशन शुक्ला ने भी संबोधित किया।