मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडल के चारों जिलों में बाढ़ एवं सूखा से निपटने के लिए अपनी पूरी तैयारी रखें। अधिक वर्षा होने पर कहीं भी जलभराव की स्थिति न रहने पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर मंडल, इंसेफेलाइटिस के लिए संवेदनशील मंडल है। ऐसे में सभी जिले अपना सर्विलांस बेहतर रखें। जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्साधिकारी लगातार समीक्षा करें। कोई भी मरीज 102 व 108 एंबुलेंस के अलावा किसी अन्य साधन से न आए।
लाउडस्पीकर की आवाज धीमी रखने के लिए तय करें जिम्मेदारी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मस्थलों के लाउडस्पीकर के आवाज को धीमा रखा जाए। इसके लिए थाना, सर्किल स्तर पर जिम्मेदारी दी जाए। कहीं भी टेंपो स्थल, बस स्टेशनों पर अवैध वसूली की शिकायत न आए। यदि कहीं शिकायत मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निगम से जुड़ी परियोजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का हर जनपद सत्यापन करा लें। गौ आश्रय स्थलों को गोवर्धन योजना से जोड़ा जाए और उन्हें स्ववित्तपोषित करने के लिए कार्य करना होगा।
बच्चे यूनिफार्म में ही स्कूल आएं
स्कूल चलो अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बेसिक शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी बच्चे यूनिफार्म में ही स्कूल आएं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के साथ प्रधानाचार्य बैठक करके बच्चों के यूनिफार्म, मोजा आदि के जो पैसे अभिभावकों के खाते में गए हैं, उससे बच्चों के ड्रेस, किताबें आदि की खरीद कराना सुनिश्चित करें।
सार्वजनिक स्थान पर न रखी जाए ताजिया
मुख्यमंत्री ने पर्व एवं त्योहारों के मद्देनजर निर्देश दिए कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर ताजिया आदि न रखी जाए। यह सुनिश्चित हो कि किसी भी शोभायात्रा में अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग न हो। डीजे आदि की आवाज भी धीमा रहे। इसी तरह उन्होंने निर्देश दिए कि सीमावर्ती जनपद में अच्छी मंडी, अस्पताल आदि के लिए योजना बनाकर शासन को भेजा जाए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, घरौनी योजना में और बेहतर कार्य किया जाए। स्ट्रीट वेंडरों को भी सही से पुर्नवासित किया जाए।
सीडी रेसियो बढ़ाए बैंकर्स
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के सीडी रेसियो (ऋण जमा अनुपात) को बढ़ाने के लिए बैंकर्स के साथ बैठक किया जाए। लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाए और रोजगार मेला आदि लगाया जाए। जनपद के जीडीपी को बढ़ाने के लिए कार्य किया जाए। उन्होंने कमिश्नर को जीएसटी संग्रह की भी समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद करके विकास कार्यक्रमों को गति देने के लिए कार्य करना होगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने जंगल कौड़िया मोहद्दीपुर फोरलेन, गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन की निर्माण की समीक्षा करते हुए कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर दिया आश्वासन
बैठक में चारों जिलों के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिलों की सड़क, बिजली सब स्टेशन, स्वास्थ्य केंद्रों, डॉक्टरों की तैनाती आदि की मांग की। इसपर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण करने का निर्देश दिया।