कुशीनगर जिले के फाजिलनगर कस्बा स्थित ओवरब्रिज के पास एक निर्माणाधीन मकान में निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को एक बुजुर्ग मजदूर गिरकर घायल हो गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही मजदूर की मौत हो गई। बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप के चलते परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
फाजिलनगर कस्बे में फोरलेन ओवरब्रिज के नजदीक कसया निवासी एक व्यवसाई के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार की शाम करीब पांच बजे निर्माण कार्य के दौरान मजदूर जोगिया हिच्छा राय निवासी परमेश्वर खरवार (50) गिरकर घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन शव लेकर निर्माणाधीन मकान के पास पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने शव को घर ले जाने की सलाह देकर सबको घर भेज दिया।
गांव पहुंचने के बाद कुछ लोगों के साथ परिजन पुलिस चौकी गए और निर्माणाधीन मकान के मालिक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग करने लगे। इसके बाद दोनों पक्ष में सुलह कराकर मामले को खत्म किया गया। इस संबंध में फाजिलनगर पुलिस चौकी प्रभारी राम नारायण दुबे ने बताया कि परिजन शिकायत लेकर आए थे। लेकिन बिना तहरीर दिए ही वापस चले गए।