विवाद करने से मना करने पर पुलिस की जीप पर पत्थर फेंके।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शाहपुर इलाके के पादरीबाजार के पास आपसी विवाद में मारपीट कर रहे महिला-पुरुष को रोकने पर पुलिस की जीप पर पथराव करने लगे। पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर शाम पादरी बाजार चौकी प्रभारी सुनील गुप्ता जीप से सिपाहियों के साथ गश्त पर निकले थे। पादरी बाजार मुख्य बाजार की ओर सड़क के किनारे एक महिला पुरुष आपस में मारपीट कर रहे थे।
सड़क पर तमाशबीनों की भीड़ लग गई थी, पुलिस ने मना किया तो दो महिलाएं पुलिस टीम से उलझ गई और पुलिस टीम पर ईंट पत्थर चलाने लगीं। इसके बाद मौके पर अन्य पुलिस टीम पहुंची और दो महिलाओं व एक पुरुष को हिरासत में लेकर थाने आई।
चर्चा है कि जिस पुरुष की महिला पिटाई कर रही थी उसका महिला से अनैतिक संबंध है। महिला के घर आना जाना है। सोमवार को आपसी विवाद में ही महिला पुरुष की पिटाई करते हुए सड़क पर पहुंच गई। शाहपुर थानाध्यक्ष सुधीर सिंह का कहना है कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।