- भीटी रावत-चकिया फोरलेन तिराहे पर हुआ हादसा, चालक हिरासत में
सहजनवां। भीटी रावत-चकिया फोरलेन तिराहे पर रविवार शाम वाहन का इंतजार कर रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सहजनवां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के दरघाट निवासी गुंजा (35) पत्नी सुग्रीव लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। वह रोज की तरह रविवार को गीडा सेक्टर-26 स्थित फैक्टरी में काम करने गई थी। शाम करीब छह बजे काम खत्म करने के बाद घर लौटने के लिए भीटी रावत-चकिया फोरलेन तिराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बस्ती की ओर से गोरखपुर जा रहे ट्रक ने महिला को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। भाई ने पुलिस को बताया कि गुंजा दो भाइयों में बड़ी थी। उसकी 14 वर्षीय बेटी भी है। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।