महिला ने पहले दिन ही दुष्कर्म की सूचना पुलिस को दी थी। लेकिन, मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में तेजी दिखाने की जगह मामले को रफा-दफा करने में जुट गई। यहां तक की पुलिस अफसरों को भी झूठी जानकारी दी गई। महिला का छेड़खानी और पर्स लूट के बयान का वीडियो बनाकर अफसरों को भेज दिया गया। फिर पुलिस ने इसी आधार पर केस भी छेड़खानी और लूट की धारा में ही दर्ज किया। बाद में कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने 164 के बयान के लिए जब महिला गई तो उसने दुष्कर्म किए जाने का कलमबंद बयान दे दिया।
बयान में महिला ने पूरी घटना सच बता दी। जिसपर कोर्ट ने पुलिस को जमकर फटकार भी लगाई। इसके बाद पुलिस अफसरों को जानकारी हुई और आननफानन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले में दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पहले छेड़खानी की बात कही गई थी, लेकिन कोर्ट में दुष्कर्म का बयान दिया गया। इस आधार पर केस में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ा दी गई है। आरोपी को पुलिस ने जेल भिजवा दिया है। पुलिस पूरे प्रकरण में साक्ष्यों के साथ चार्जशीट दाखिल करेगी, ताकि आरोपी को कड़ी सजा हो सके।