गोरखपुर जिले के सिकरीगंज इलाके के हरदत्तपुर गांव के पास सोमवार सुबह नौ बजे हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। उरुवा बाजार की तरफ से जा रही तेज रफ्तार जीप, सिकरीगंज से आ रही बाइक व साइकिल चालक को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसे में बाइक और साइकिल सवार भी घायल हो गए। बाइक सवार व्यक्ति का इलाज सिकरीगंज के निजी अस्पताल में चल रहा है। जबकि साइकिल सवार व्यक्ति को पीएचसी उरुवा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह नौ बजे की है। उरुवा थाना क्षेत्र के मन्नूलाल भताड़ी गांव निवासी प्रेमचंद (50) अपनी पत्नी देवंती देवी (45) के साथ सवारी जीप से गोरखपुर जा रहे थे। तेज रफ्तार जीप सिकरीगंज के हरदत्तपुर के पास विपरीत दिशा की ओर से आ रहे बाइक सवार माल्हनपार के कल्हना गांव निवासी रवि पांडेय (45) व साइकिल सवार सब्जी विक्रेता सिकरीगंज के साउंडीह निवासी राजेश पासवान (44) को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकराकर पलट गई।
जीप के नीचे दबकर देवंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति को हल्की चोटें आईं। रवि पांडेय का इलाज सिकरीगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं साइकिल सवार सब्जी विक्रेता राजेश पासवान को ग्रामीण पीएचसी उरुवा ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिकरीगंज पुलिस ने जीप को कब्जे में ले लिया। देवंती देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।