डूबी हुई महिला की तलाश करती एनडीआरएफ टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
बूढ़ी राप्ती नदी में डूब रही मां-बेटी को बचाने कूदी महिला तेज धारा के बीच फंसकर पानी में विलीन हो गई। नदी में कूदे एक अन्य युवक ने मां बेटी को तो निकाल लिया लेकिन तीसरी महिला को नहीं खोज सका।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के खेतवल तिवारी गांव में शनिवार शाम घटी घटना में लापता महिला की तलाश एनडीआरएफ के गोताखोर कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक श्याम धनी राही और एसडीएम उमेश चंद्र निगम घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। क्षेत्र के खेतवल तिवारी गांव निवासी सुक्खू की बेटी सीता (09) शनिवार को शाम गांव के पास बह रही बूढ़ी राप्ती नदी पर गई थीं।
तेज लहर की चपेट में आने से सीता नदी में डूबने लगी। बेटी को डूबते देखकर मां सुमित्रा ने नदी में छलांग लगा दिया और डूबने लगीं। मां-बेटी को डूबता देखकर पास ही मौजूद दुर्गावती (21) पत्नी जयहिंद उन्हें बचाने को नदी में कूद गई। दुर्गावती भी तेज धार में फंसकर नदी में समा गई। पास ही काम कर रहे गांव के राजकुमार ने देखा तो नदी में कूद गया।
राजकुमार ने सावित्री और सीता को तो बाहर निकाल लिया लेकिन दुर्गावती नहीं मिल सकी। परिवार वालों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर पहुंचे एसडीएम उमेश चंद्र निगम ने दुर्गावती की खोज के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाने का आश्वासन दिया।
एनडीआरएफ के गोताखोर रविवार सुबह से ही दुर्गावती की तलाश कर रहे थे। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली थी। एसडीएम सदर उमेश चंद निगम ने बताया कि लापता महिला की तलाश में एनडीआरएफ की टीम लगी है।