एसपी सिटी डॉ. कृष्ण कुमार विश्नोई। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
उम्र यही कोई 32 साल। पेशा मेहनत-मजदूरी। एसपी सिटी के ऑफिस में पहुंचे तिवारीपुर इलाके के रहने वाले शख्स की गुहार सुनकर एसपी भी हैरान हो गए। उसने कहा- साहब! मुझे बचा लीजिए, महिला ने चौथी बार मेरे खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया है।
मेरी गलती सिर्फ इतनी है कि परिवार की एक बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पुलिसकर्मी को जेल भिजवा दिया था। अब वही रंजिश में उसे फंसाना चाहता है। तीन बार जांच में निर्दोष हो चुका हूं। लेकिन अब फिर केस दर्ज हो गया है।
एसपी सिटी ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। शख्स के मुताबिक, एक महिला है, जिसे वह जानता नहीं है। उसने उस पर जनपद बस्ती और गोरखपुर में अब तक चार बार दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। इसकी वजह से वह मानसिक रूप से पीड़ित हैं।
वर्ष 2021 में उसके मकान में पुलिस विभाग में कार्यरत हरीश गुप्ता किराये पर पर रहता था। हरीश ने परिवार की एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके आरोप में उसे जेल हुई और नौकरी से बर्खास्त हो गया। इसके बाद फरेंदा में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया, इसमें उच्च न्यायालय से स्टे मिला हुआ है।