गोरखपुर। कार बेचने के नाम पर महिला से 5.73 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रेती चौक की रहने वाली मिताली गुप्ता ने सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश की एक कार का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने कार की पूरी जानकारी दी और घर तक डिलीवरी कराने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों पर विश्वास कर महिला ने यूपीआई के माध्यम से पांच लाख 73 हजार रुपये भेज दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने कार की डिलीवरी नहीं की। इस मामले में महिला ने सोमवार को तहरीर दी। मंगलवार को कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मिताली ने तहरीर में बताया कि करीब एक माह पहले उसने सोशल मीडिया पर चार पहिया वाहन बेचने का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में एक मोबाइल नंबर दिया गया था जिस पर कार खरीदने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकते थे। महिला को कार पसंद आई। उसने दिए गए नंबर पर फोन कर गाड़ी के बारे में जानकारी ली। आरोपी ने कार की स्थिति और उससे जुड़ी जानकारी अच्छी बताई। साथ ही कार को महिला के घर तक पहुंचाने की बात कही। इससे महिला को उस पर भरोसा हो गया और उसने कार खरीदने की सहमति दे दी।
आरोप है कि बातचीत के बाद आरोपी के कहने पर महिला ने पांच अगस्त को यूपीआई के माध्यम से पांच लाख 73 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। रुपये भेजने के बाद कई दिन तक कार घर नहीं पहुंची। महिला ने जब आरोपी को फोन कर डिलीवरी के बारे में पूछा तो वह बार-बार उसे अलग-अलग बातें बताकर गुमराह करता रहा। आरोप है कि आरोपी ने महिला को फर्जी कागजात भी भेजे और कहा कि कार उसके नाम की जा रही है। गाड़ी नहीं मिलने पर महिला को शक हुआ। जब महिला ने रकम वापस करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।