- बांसगांव इलाके में महिला को घर छोड़ने जा रहे थे डॉक्टर
अमर उजाला ब्यूरो
बांंसगांव (गोरखपुर)। कस्बे में स्थित एसबीआई के सामने रविवार रात ट्रक से कुचलकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि, कस्बा में ही प्रैक्टिस करने वाले डॉ. अंसारी घायल हो गए। डॉक्टर को पुलिस ने अस्पताल भेज दिया है। महिला मायके में आई हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर चार निवासी माया यादव (30) पुत्री केशव यादव कुछ दिन पहले ही मायके आई थी। उसकी तबीयत कुछ ठीक नहीं थी, इस वजह से कस्बा में डाॅ. अंसारी के दवाखाने पर गई थी। इलाज के बाद डॉक्टर भी घर जा रहे थे और साथ में ही माया को छोड़ने के लिए बाइक पर बैठा लिए।
गली से जैसे ही बांसगांव-कौड़ीराम रोड पर बाइक पहुंची, तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। पीछे बैठी माया यादव ट्रक में फंसकर कुछ दूर तक घसीट गई थी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
शव के इतने टुकड़े हो गए थे कि स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे नहीं आ पा रहे थे। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा। वहीं, कुछ दूरी पर घायल हालत में गिरे डॉ. अंसारी को पुलिस ने अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।