सरदारनगर। चौरीचौरा क्षेत्र की एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने ससुराल वालों पर गर्भपात और गर्म लोहे से जलाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता रेशमा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि तीन वर्ष पूर्व इशाद आलम से निकाह हुआ था। इसके बाद एक बेटी का जन्म हुआ लेकिन कुछ समय बाद से पति इशाद आलम, ससुर मुर्तुजा आलम, सास नुरेशा खातून, गोलू आलम और ईश्वत खातून अतिरिक्त दहेज में नकदी और बाइक की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बेटी होने पर उसे ताने दिए गए और कई बार मारपीट की गई। करीब 20 दिन पहले पति ने पेट में लात मार दी, जिससे दो माह का गर्भपात हो गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि गर्म लोहे से उसका हाथ जला दिया गया। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। अब वह अपने मायके में रहकर इलाज करा रही है। सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर नामजद पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।