फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: नंदानगर में बनेगा एक और अंडरपास...सर्विस रोड भी

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। नंदानगर में एक और अंडरपास बनने जा रहा है। यह अंडरपास पुलिस चौकी से शमशेर गेट (आकाश विहार डोमेस्टिक एरिया) की ओर जाने वाले मार्ग पर रेल क्रॉसिंग के नीचे बनेगा। इसके साथ ही 160 मीटर लंबे सर्विस रोड का भी निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके बनने रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। करीब 50 हजार की आबादी को सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन

योजना के मुताबिक, पांच वर्षों के मरम्मत कार्य सहित इस परियोजना की कुल लागत 73.64 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 26.45 करोड़ रुपये अंडरपास निर्माण और भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे। भवन ध्वस्तीकरण पर 34.61 करोड़ रुपये और सर्विस रोड निर्माण पर 12.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 25.77 करोड़ रुपये स्वीकृत धनराशि के रूप में जारी की गई है।
इस अंडरपास के बनने से नंदानगर क्रॉसिंग पर रोजाना लगने वाले जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगी। वर्तमान में क्रॉसिंग से होकर कुछ अंतराल पर 150 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं, जिससे अक्सर गेट बंद हो जाता है और क्रॉसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार छोटे-मोटे विवाद और मारपीट भी हो जाती है। प्रारंभ में इस क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव था लेकिन एयरफोर्स ने नागरिक विमानों की उड़ान के कारण अनुमति नहीं दी। इसके बाद अंडरपास बनाने पर सहमति बनी। पीडब्ल्यूडी ने डीपीआर में फोरलेन सड़क के निर्माण को भी शामिल किया था लेकिन तोड़फोड़ को देखते हुए इसे अभी स्वीकृति नहीं मिली है। निर्माण खंड तीन के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विज्ञापन



शहर का चौथा अंडरपास होगा
नंदानगर में यह शहर का चौथा अंडरपास होगा। पहले तीन अंडरपास धर्मशाला, कौवाबाग और नंदानगर में भारतीय खाद्य निगम गोदाम के पास बने हैं। अंडरपास और सर्विस रोड बनने के बाद यातायात सुगम होगा, लोगों का समय बचेगा और जाम जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। अनुमान है कि इससे 50 हजार से अधिक आबादी को लाभ होगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें