गुलरिहा (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से जमीन दिलाने के नाम पर जालसाजों ने लाखों रुपये ठग लिए। जमीन और रुपये नहीं मिलने पर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। गुलरिहा पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के नाहरपुर निवासी मन्नू कुमार मद्धेशिया का आरोप है कि फुलवरिया में जमीन दिलाने का झांसा देकर खुटहन खास निवासी राजेश निषाद ने अपने चार भाइयों रामधारी सिंह से सात लाख 75 हजार रुपये, कृष्णधारी से दो लाख 50 हजार रुपये, जटाधारी से एक लाख 33 हजार रुपये और शिवधारी से 88 हजार रुपये दिलवाए।
कुल 12 लाख 46 हजार रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने जमीन का बैनामा नहीं किया और रुपये हड़प लिए। मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद