- दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
गोरखपुर। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में 25 व 26 फरवरी को आयोजित वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। इसमें लगभग 85 खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संयुक्त सचिव रामजन्म सिंह ने कहा कि सतत प्रयास, अनुशासन व समर्पण की भावना खिलाड़ियों का मूल गुण होता है। खेल से धैर्य, एकाग्रता व सहयोग की भावना जागृत होती है। सफलता के लिए निरंतर परिश्रम करना होता है। अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि जीवन में अनुशासन व समयबद्धता का विशेष महत्व है।
बालक वर्ग में अतुल सिंह एवं बालिका वर्ग में सोनाली मौर्या को बेस्ट एथलीट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कॉलेज के वॉलीबाल, बास्केटबाॅल एवं कबड्डी टीम के साथ ही प्रदेशीय व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
स्वागत क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. परीक्षित सिंह, संचालन डॉ. नितीश शुक्ल व आभार ज्ञापन अवधेश शुक्ल ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. राम प्रसाद यादव, डॉ. शुभ्रांशु शेखर सिंह, डॉ. सुरेन्द्र चौहान, डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ. सरिता सिंह व डॉ. कामिनी सिंह आदि की उपस्थिति रही।