जंगल कौड़िया। खंती मांगने को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई ने महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र के बेला गांव की है। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेला गांव निवासी तैमूर अली ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी गुड़िया ने अपने चचेरे भाई को खंती (कृषि उपकरण) दी थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब खंती वापस नहीं मिली तो बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी मांगने उसके घर गई थी। इस दौरान चचेरा भाई खंती लौटाने में टालमटोल करने लगा। इसी बात पर कहासुनी हुई और गुड़िया पर हमला कर दिया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, चिलुआताल थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।