पिपराइच क्षेत्र में जोर-शोर से चल रहा मिट्टी का अवैध खनन
अमर उजाला ब्यूरो
भटहट (गोरखपुर)। पिपराइच थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मिट्टी का अवैध खनन जोर-शोर से चल रहा है। बुधवार को शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तो खनन माफिया टैक्टर-ट्राॅली और लोडर लेकर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, खनन माफिया जेसीबी लगाकर टिप्पर, ट्राॅली से मिट्टी ढुलाई कर रहे हैं। बुधवार रात में पिपराइच थाना क्षेत्र के बरगदही-पिपराइच रोड पर स्थित भलुही गांव के सिवान में खनन हो रहा था। किसी ने एसएसपी को फोन करके इसकी सूचना दे दी। कुछ ही देर बाद थाने के एक एसआई व दो सिपाही मौके पर पहुंचे। तब खनन माफिया वाहन लेकर रफूचक्कर हो गए। इस संबंध में सीओ चौरीचौरा तनूजा का कहना है कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही हमने पिपराइच इंस्पेक्टर को फोन करके भेजा था।
बता दें कि कुछ दिन पहले गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रात में अवैध खनन कर रहे जेसीबी व डंपर को सीज किया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि पकड़े जाने के बाद कुछ नेता खनन माफिया की पैरवी करने लगते हैं, इस कारण निष्पक्ष और ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना मुश्किल होता है।