नौकायन के पास सड़क किनारे कार में ही नाश्ता कर रहे कार सवार को पीछे से अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि दो अप्रैल की रात में अनियंत्रित कार चालक अपने गोद में कुत्ता बैठाए कार चला रहा था और उसके टक्कर मारने से कार में बैठी पत्नी और बहन को चोट आई।
अब कार सवार एडवोकेट आलोक रंजन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार वाले पर लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बांसगांव के वार्ड नंबर 11 निवासी आलोक रंजन ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि दो अप्रैल की रात लगभग 10 बजे अपनी कार से पैडलेगंज से नौकायन की तरफ जा रहे थे।
रास्ते में जेएसआर गार्डेन रेस्टोरेंट के सामने सड़क के किनारे पटरी पर कार खड़ी कर परिवार सहित नाश्ता कर रहे थे। तभी पीछे से कार चालक गोद में कुत्ता बैठाकर बहुत तेजी व लापरवाही से कार चलाते हुए मेरी कार में पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे कार में बैठी पत्नी व बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।