गोरखपुर जिले में सोमवार यानी आज से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। पूरे जिले में आज से अगले दो-तीन दिनों तक बारिश के आसार बन रहे हैं। यह बारिश किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पश्चिम बंगाल के ऊपर एक सिस्टम बन गया है। इसके झारखंड बिहार होते हुए सोमवार को गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। इस सक्रिय सिस्टम की वजह से गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र बेलीपार गोरखपुर के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. नितीश कुमार पांडेय ने बताया कि कल से आगामी तीन दिनों तक गरज चमक के साथ जनपद मे मध्यम से हल्की तो कहीं कहीं पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। डॉ. पांडेय ने बताया कि पिछले दिनों से बारिश ना होने के कारण किसान बहुत दिक्कत का सामना कर रहे हैं।
यह बारिश किसानों के लिए बहुत ही लाभप्रद है। धान की फसल में निरंतर पानी लगा रहना चाहिए। अधिकतर किसान अपने खेत में धान की फसल लगा चुके हैं। कुछ लोग अभी लगा रहे हैं। यह बारिश उनके लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध हो सकती है।