पिछले कुछ दिनों से चटक धूप के बाद शुक्रवार को मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। सुबह से ही बादल छा गए और शाम तक रुक रुककर बूंदाबांदी होती रही। अगले एक दो दिन और मौसम का मिजाज यू ही बने रहने की संभावना है।
शुक्रवार को सुबह से ही घटाएं घिरने की वजह से मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 24.0और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड होते हुए तिब्बत की ओर जा रहा है।
इसके अलावा राजस्थान में करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर एक चक्रवाती हवा सक्रिय है। इसकी वजह से उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, बिहार और बंगाल तक बादल फैले हुए हैं।