गोरखपुर में लालडिग्गी पार्क में ओवरहेड टैंक बनेगा। इससे करीब 10 हजार घरों में पानी की आपूर्ति की समस्या दूर हो जाएगी। नगर निगम 1.88 करोड़ रुपये की लागत से टैंक बनवा रहा है। नौ माह में टंकी के बनने की संभावना जताई जा रही है।
हांसूपुर, शेषपुर, तुर्कमानपुर, बसंतपुर के अलावा आंशिक रूप से मिर्जापुर वार्ड के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बेहतर ढंग से नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में बना ओवरहेड टैंक बेकार हो गया है। इस कारण उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। ऐसे में सीधे ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति की जा रही है। इस वजह से विभिन्न वार्डों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
पानी नहीं मिलने की वजह से क्षेत्र के पार्षदों को लोगों की शिकायतों का सामना करना पड़ रहा था। पार्षद मेयर से लेकर नगर आयुक्त तक से पेयजल की समस्या खत्म करने के लिए ट्यूबवेल लगाने की मांग करते रहे हैं। अब नगर निगम प्रशासन करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से लाल डिग्गी पार्क में ओवरहेड टैंक बनाने जा रहा है।
हांसूपुर के पार्षद संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस ओवरहेड टैंक के बनने से पांच वार्डों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर हो जाएगी। अभी शेषपुर और बसंतपुर में पानी की काफी दिक्कत है।
लालडिग्गी पार्क में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक स्थापित किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था ने एक साल का समय मांगा है, लेकिन उन्हें नौ महीने का समय दिया गया है। ऐसे में अगले साल गर्मी से पहले पांच वार्डों में पेयजल की दिक्कत खत्म हो जाएगी।
-रमेश चंद्र रघुवंशी, महाप्रबंधक, जलकल