गोरखपुर। विरासत गलियारा निर्माण के दौरान यहां आने-जाने वाले लोगाें के लिए जगह-जगह खतरे बरकरार हैं। कई जगहों पर रविवार को भी बैरिकेडिंग नहीं मिली। इसके साथ ही बक्शीपुर चौक से अलीनगर चौराहे के बीच कई जगह गड्ढों में पानी भरा मिला। कीचड़ के बीच लोग गुजर रहे थे।
बक्शीपुर चौक से अलीनगर चौराहे के बीच रविवार को अपराह्न तीन बजे के आसपास लापरवाही साफ दिख रही थी। थवई पुल के पास लगे संकेतक रोड पर गिरे थे। उधर, रोड के बीच कई जगहों पर पानी व कीचड़ की वजह से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई जगहों पर खुला छोड़ दिया गया है। इससे खतरा बना हुआ है। नाला, सड़क, सीवर पाइपलाइन व जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।
अपराह्न लगभग 3:15 बजे बक्शीपुर से अलीनगर तक सड़क के बीच में कई स्थानों पर गड्ढे में पानी भरा मिला व रोड पर फैले कीचड़ के बीच बाइक निकल रही थी, जिससे फिसलने का गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी दीपक जायसवाल ने बताया कि निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। इसमें निर्माण कार्य के सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। नाला व पुलिया निर्माण के दौरान कहीं भी बैरिकेड नहीं लगाया गया है।
स्थानीय निवासी अभिषेक मद्धेशिया ने बताया कि अलीनगर चौक पर नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे से पंपिंग सेट लगाकर गंदा पानी निकालने का कार्य किया जा रहा है। इस कारण सड़क पर कीचड़ भी है, जिससे आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है।
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि यहां पर नगर निगम की ओर से कार्य में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। पाइप पड़नी थी, जो डाली जा चुकी है।