प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम वित्त राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को सदर तहसील से मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शास्त्री चौक, आंबेडकर चौक, छात्रसंघ चौक, विश्वविद्यालय चौराहा, रेलवे स्टेशन, धर्मशाला, गोरखनाथ मंदिर, नथमलपुर होते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में गई। इस दौरान 40 से 50 हजार लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया ताकि 2022 में विधानसभा चुनाव में वे मताधिकार का प्रयोग कर सकें। वहीं, रैली में ट्रैफिक नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। रैली में शामिल अधिकांश लोग बिना हेलमेट पहने ही बाइक रैली निकाले। लेकिन खास बात यह रही कि वहां मौजूद किसी भी अधिकारी की इसपर न तो नजर गई और न ही किसी ने रैली में शामिल लोगों को हेलमेट के लिए जागरूक किया।
पहली जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले महिला व पुरुष मतदाता आज ही अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म 6 भरकर नए मतदाता बनने का लाभ उठा सकते हैं। रैली में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर कुलदीप मीना, सदर तहसीलदार बृजमोहन शुक्ला, एसडीम रजत वर्मा, तहसीलदार न्यायिक नीलम तिवारी, नायब तहसीलदार वशिष्ठ नारायण वर्मा, सदर तहसील के समस्त कानूनगो, लेखपाल व अमीन कर्मचारी शामिल हुए।
घर बैठे मतदाता सूची में दर्ज करा सकेंगे नाम
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अगर आपको मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना है या अपने वोटर कार्ड में किसी गलती को सुधरवाना है तो चुनाव कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। वोटर आईडी कार्ड में सुधार का यह काम अब घर बैठे इंटरनेट की मदद से किया जा सकता है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://www.nvsp.in पर जाकर नाम को शामिल करने या गलती सुधारने के लिए आवेदन करना होगा। वेबसाइट पर निर्धारित फॉर्म भरकर यह काम किया जा सकता है। नए वोटर लिस्ट बनवाने के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट http://www.nvsp.in पर जाएं और अपने दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन के लिए इन कागजात की पड़ेगी जरूरत
एक पासपोर्ट आकार की तस्वीर, पहचान पत्र- इसमें जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या हाई स्कूल की मार्कशीट की प्रति लगेगी। पते का प्रमाण-यह राशन कार्ड, आपका पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या फोन या बिजली-पानी का बिल हो सकता है। या आप अपने नजदीकी मतदाता केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ के पास फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम अंकित करा सकते हैं।