खैरवा तुलसीपुर गांव में पटीदारों के बीच हिंसक झड़प, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
बड़हलगंज। खैरवा तुलसीपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर पटीदारों के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने और लाठी-डंडे, ईंट व लोहे की रॉड से मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष से सुखधाम सहानी ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने पटीदारों को पहले से ही निजी भूमि से चार फुट का रास्ता दे रखा था, लेकिन वे अतिरिक्त जमीन की मांग कर रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर 22 मई को करीब 1:25 बजे विवाद बढ़ गया और विपक्षी राजवंश सहानी, दिनेश सहानी, ब्रजेश सहानी व इन्द्रसती सहित अन्य लोग घर में घुस आए। गाली-गलौज करते हुए डंडे, ईंट और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें सुखधाम सहानी के सिर और कंधे में चोट आई। उनकी माता सुमंती देवी और पत्नी नीतू देवी भी मारपीट में घायल हो गईं।
वहीं दूसरे पक्ष से राजवंशी निषाद ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह रास्ते के विवाद में सुलह-समझौते की बात कर रहे थे, तभी विपक्षी आक्रोशित हो गए। आरोप है कि विशाल निषाद, उत्तम निषाद, सुखधाम निषाद, रमेश निषाद समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में राजवंशी निषाद, उनके पुत्र बृजेश निषाद, पत्नी राधिका देवी तथा पुत्रियां इन्द्रमती और फूलमती घायल हो गईं। आरोप है कि हमले में उनका हाथ टूट गया, जबकि पुत्री इन्द्रमती के सिर में गंभीर चोट आई है।
कोतवाली प्रभारी सुनील राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।