खजनी थाना क्षेत्र के उनवल विद्युत उपकेंद्र में शनिवार सुबह ग्राम प्रशासक अपने साथियों के साथ पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने उपकेंद्र के जेई से बदसलूकी और हाथापाई की और जबरन लाइन चालू करने का प्रयास किया। जेई और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है।
कर्मचारियों के बीच-बचाव के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।जेई सत्येंद्र कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे कठैचा बिंदन गांव के प्रशासक ग्राम प्रधान अपने साथियों के साथ उपकेंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने हंगामा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद जबरन बिजली की लाइन चालू करने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर जेई से हाथापाई की गई। जेई ने बताया कि उस समय लाइनमैन क्षेत्र में बिजली के खंभों पर चढ़कर काम कर रहे थे। ऐसे में यदि लाइन चालू हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सूचना पर चौकी प्रभारी सुमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
बिजली निगम के एसडीओ मनोज कुमार भारद्वाज ने बताया कि उपकेंद्र के सर्विस एरिया में जबरन घुसकर हंगामा किया गया। थानाध्यक्ष जयंत सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।