गोरखपुर जिले के पिपराइच ब्लाक के गांव महराजी और उस्का तथा चरगांवा ब्लाक के परमेश्वरपुर में कोरोना से संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तीनों गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर उसके तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है।
बैरीकेडिंग लगाकर वहां पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी इस क्षेत्र से न बाहर निकल पाए न वहां दाखिल हो सके।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि इन तीनों इलाकों में आने वाली सभी दुकानों को बंद करा दिया गया है। इन दुकानों को जारी किए गए पास स्वत: निरस्त हो गए हैं। इन क्षेत्रों में पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अलावा सिर्फ होम डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी ही जा सकेंगे।