- कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से यात्रा को किया रवाना
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से बृहस्पतिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से यात्रा को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थी व स्वयंसेवक देशभक्ति के नारों के साथ शहर की सड़कों पर निकले।
यात्रा हरिओमनगर तिराहा, एमपी कॉलेज चौराहा, गोलघर बाजार, गणेश चौराहा और सिटी मॉल होते हुए विश्वविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रास्ते में लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा यात्रा मार्ग गूंजता रहा। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के त्याग और संघर्ष को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
एनएसएस समन्वयक प्रो. सत्यपाल सिंह ने स्वयंसेवकों से यात्रा के दौरान अनुशासन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। यात्रा में दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, सेंट एंड्रयूज कॉलेज, गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय, डीएवी पीजी कॉलेज, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों के स्वयंसेवक शामिल हुए।